पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बुधवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मुंबई जाने वाली एअर इंडिया की एक फ्लाइट में हाईजैक की धमकी मिलने का मामला सामने आया। उड़ान भरने से ठीक पहले विमान के टॉयलेट में लगे शीशे पर धमकी भरा संदेश लिखा हुआ मिला। इसकी जानकारी मिलते ही पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को अलर्ट कर दिया।
सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को तुरंत आइसोलेशन बे में पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही CISF और एयरपोर्ट की सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गईं और विमान की सघन तलाशी शुरू कर दी गई। सुरक्षा कर्मी विमान के अंदर हर हिस्से की बारीकी से जांच कर रहे हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध वस्तु का पता लगाया जा सके।
सूत्रों के अनुसार, विमान में धमकी मिलने के बाद तय सुरक्षा मानक प्रक्रिया (SOP) के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसके अलावा यात्रियों की सूची और एयरपोर्ट परिसर के साथ विमान में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
