सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया है कि केवल चुनाव लड़ने या राजनीतिक लाभ हासिल करने के उद्देश्य से किसी व्यक्ति की दोषसिद्धि पर रोक नहीं लगाई जा सकती। अदालत ने कहा कि न्यायिक शक्तियों का इस्तेमाल राजनीतिक एजेंडे या चुनावी जरूरतों के आधार पर नहीं होना चाहिए।
जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस शील नागू की पीठ ने कहा कि दोषसिद्धि पर रोक लगाने के मामले में अदालतों को अपने विवेक का बेहद सावधानी से इस्तेमाल करना चाहिए। इस दौरान व्यक्ति की प्रतिष्ठा और सम्मान को होने वाले नुकसान के साथ दोषसिद्धि के फैसले की गंभीरता को भी ध्यान में रखना जरूरी है।
अनुच्छेद 21 के अधिकार का भी किया जिक्र
सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि किसी व्यक्ति को आपराधिक मामले में दोषी ठहराए जाने से संविधान के अनुच्छेद 21 के तहत सम्मान के साथ जीवन जीने के अधिकार पर गंभीर असर पड़ता है। ऐसे मामलों में अदालत को व्यक्ति के अधिकारों और दोषसिद्धि की कानूनी अहमियत के बीच संतुलन बनाना चाहिए।
आजम खान के परिवार से जुड़े मामले में टिप्पणी
यह टिप्पणी उत्तर प्रदेश के पूर्व मंत्री आजम खान के बेटे मोहम्मद अब्दुल्ला आजम खान और उनकी पत्नी डॉ. तजीन फातिमा की अपील पर सुनवाई के दौरान आई। सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार की उस अपील को खारिज कर दिया, जिसमें हाईकोर्ट के दोषसिद्धि पर रोक लगाने के फैसले को चुनौती दी गई थी।
