मुरादाबाद। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को राजकीय महाविद्यालय भोजपुर, मुरादाबाद में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम प्राचार्या डॉ. सरस्वती की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इस दौरान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित वाहन संचालन के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में गणित विभाग के अध्यक्ष सचिन अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा संबंधी प्रशिक्षण प्रदान किया। उन्होंने बताया कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को यातायात नियमों का पालन अपनी जिम्मेदारी समझकर करना चाहिए।
उन्होंने विशेष रूप से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की सलाह दी। साथ ही कार चलाते समय सीट बेल्ट लगाने के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि सुरक्षा के इन उपायों को कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को तेज गति से वाहन न चलाने और वाहन संचालन के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की हिदायत भी दी।
सचिन अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन या यातायात पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। यदि सभी लोग यातायात नियमों का ईमानदारी से पालन करें तो सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरस्वती ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की सुरक्षा से जुड़ा विषय है। उन्होंने विद्यार्थियों से स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. आसिम ने किया। अंत में उन्होंने सभी उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सुरक्षित यातायात व्यवहार अपनाने और सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संदेश दिया गया@जफर/INN
