मुरादाबाद। मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिलाधिकारी अनुनय झा ने जनसुनवाई के दौरान विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान उन्होंने एक-एक कर शिकायतकर्ताओं से उनकी समस्याओं की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, नगर निकाय, विकास कार्यों तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें सामने आईं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसामान्य की शिकायतों का निस्तारण पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ किया जाए। किसी भी शिकायत को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर उसका गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए।

जिलाधिकारी अनुनय झा ने कहा कि जनसुनवाई शासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। आमजन को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए अधिकारी शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों की जांच निष्पक्षता से कराई जाए और शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई की जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए। जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन को त्वरित न्याय और राहत उपलब्ध कराना है।

इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे@शांतनु/INN
