मुरादाबाद। जनपद में साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना भगतपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने साइबर ठगी से जुड़े एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों फिरोज और हसन को गिरफ्तार किया है। वहीं, गिरोह के दो अन्य आरोपी अभी फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर साइबर अपराध में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरणों एवं दस्तावेजों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। बरामद सामान में 13 मोबाइल फोन, पांच लैपटॉप, 10 बैंक पासबुक और नौ एटीएम कार्ड शामिल हैं। इसके अलावा फर्जी चेक, तीन सिम कार्ड, पांच आधार कार्ड तथा एक लाख रुपये की नकदी भी पुलिस ने जब्त की है।

साइबर ठगी के नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल फोन, लैपटॉप, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड की बरामदगी से मामले की गंभीरता सामने आई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ और बरामद दस्तावेजों की जांच के आधार पर गिरोह के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपियों ने किन-किन लोगों को अपना निशाना बनाया और साइबर ठगी के जरिए कितनी रकम का लेनदेन किया गया।
दो आरोपी फरार, तलाश में जुटी पुलिस
इस मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस फरार चल रहे अन्य दो आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और साइबर अपराध में इस्तेमाल किए गए बैंक खातों की भी जांच की जा रही है।
थाना भगतपुर क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के खिलाफ पुलिस की महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस की जांच आगे बढ़ने के साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य खुलासे होने की संभावना है@जफर/INN
