मुरादाबाद। कुंदरकी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने की दिशा में मंगलवार को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने ग्राम दलपतपुर में एक महत्वपूर्ण सड़क निर्माण कार्य का विधि-विधानपूर्वक भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। एनएच-24 से मंगल बाजार होते हुए दलपतपुर-अलीगंज मार्ग तक बनने वाली इस सड़क से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।

इस अवसर पर विधायक ठाकुर रामवीर सिंह बतौर मुख्य अतिथि कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना और हवन में आहुति देकर निर्माण कार्य की शुरुआत की। स्वीकृत सड़क की लंबाई एक किलोमीटर है, जिसके निर्माण पर 148.88 लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी।

उल्लेखनीय है कि गत वर्ष पूर्व विधायक मरहूम रियासत हुसैन की वर्षी के अवसर पर पूर्व विधायक सौलत अली के नेतृत्व में क्षेत्रवासियों ने इस सड़क के निर्माण का प्रस्ताव रखा था। क्षेत्र की इस महत्वपूर्ण मांग को आगे बढ़ाते हुए अब निर्माण कार्य को स्वीकृति मिली है और मंगलवार को विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने भूमि पूजन कर इसे धरातल पर उतारने की दिशा में कदम बढ़ाया।

विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने क्षेत्र के विकास और जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता के साथ इस परियोजना को महत्वपूर्ण बताया। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद दलपतपुर और आसपास के गांवों के लोगों को आवागमन में सुगमता मिलेगी। साथ ही क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों और विकास को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक सौलत अली सहित क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे@शांतनु/INN
