उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण के बाद मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR-2027) को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नए आंकड़े जारी किए।
17 नवंबर 2026 को प्रकाशित मतदाता सूची के अनुसार, प्रदेश में अब कुल 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 मतदाता हैं। इनमें 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष, 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिलाएं और 4,042 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं।
इससे पहले 10 अप्रैल 2026 को जारी मतदाता सूची में कुल मतदाताओं की संख्या 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 थी। यानी करीब सात महीने में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 का इजाफा हुआ है। इस दौरान पुरुषों के मुकाबले महिला मतदाताओं की संख्या में ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई।
आंकड़ों के मुताबिक, प्रदेश में 18 से 19 साल के युवा मतदाताओं की संख्या फिलहाल 11 लाख 83 हजार 352 है। वहीं, मतदाता सूची का जेंडर रेशियो 840 और ईपी रेशियो 55.95 दर्ज किया गया है।
16 दिसंबर तक जुड़वा सकेंगे नाम
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने और किसी भी तरह के विवरण में संशोधन के लिए आवेदन किए जा सकेंगे। इसके लिए फॉर्म-6, फॉर्म-7 और फॉर्म-8 की व्यवस्था की गई है।
इसके अलावा 21, 22, 28 और 29 नवंबर को प्रदेश के सभी मतदेय स्थलों पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। निर्वाचन आयोग का फोकस पात्र युवाओं और महिलाओं को मतदाता सूची में शामिल करने के साथ सूची की त्रुटियों को दूर करने पर रहेगा।
