मुरादाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इस कार्यक्रम के तहत 17 नवंबर 2026 को आलेख्य मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद मतदाता अपने नाम और अन्य विवरणों की जांच कर सकेंगे तथा किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित समय सीमा में दावा या आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी मतदाता सूची
उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी ने जानकारी देते हुए बताया कि 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची जनपद स्तर पर जिला निर्वाचन अधिकारी तथा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र स्तर पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के माध्यम से संबंधित मतदान केंद्रों एवं मतदेय स्थलों पर आमजन के अवलोकन के लिए उपलब्ध कराई जाएगी। मतदाताओं से अपील की गई है कि वे सूची में अपना नाम, पता और अन्य विवरण अवश्य जांच लें, ताकि भविष्य में मतदान के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
उन्होंने बताया कि आलेख्य मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक मतदाता अपने दावे एवं आपत्तियां प्रस्तुत कर सकेंगे। इस दौरान नए मतदाता अपना नाम सूची में शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं, किसी अपात्र या मृत व्यक्ति का नाम हटवाने तथा मतदाता सूची में दर्ज विवरणों में सुधार कराने के लिए भी निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन किया जा सकेगा। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा।
अलग-अलग कार्यों के लिए निर्धारित हैं तीन फॉर्म
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 का इस्तेमाल किया जाएगा। वहीं, मतदाता सूची से नाम हटवाने के लिए फॉर्म-7 भरना होगा। इसके अलावा नाम, पता या अन्य प्रविष्टियों में संशोधन, मतदाता फोटो पहचान-पत्र के प्रतिस्थापन, दिव्यांग मतदाता के चिन्हांकन तथा निवास परिवर्तन जैसी सुविधाओं के लिए फॉर्म-8 निर्धारित किया गया है।
नवंबर में चार दिन चलेगा विशेष अभियान
निर्वाचन विभाग की ओर से अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने और सूची को त्रुटिरहित बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान भी चलाया जाएगा। इसके तहत 21 एवं 22 नवंबर तथा 28 एवं 29 नवंबर 2026 को विशेष अभियान की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इन दिनों भी संबंधित मतदान केंद्रों पर दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी।
ऑनलाइन आवेदन की भी मिलेगी सुविधा
उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता घर बैठे भी ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए ECINET मोबाइल ऐप और भारत निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट का उपयोग करते हुए फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 प्रस्तुत किए जा सकते हैं। पुनरीक्षण कार्यक्रम से संबंधित किसी भी जानकारी, समस्या अथवा सहायता के लिए जनपद स्तर पर स्थापित डिस्ट्रिक्ट कॉन्टेक्ट सेंटर (DCC) के टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 1950 पर संपर्क किया जा सकता है।
उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे आलेख्य मतदाता सूची में अपने नाम और विवरणों की जांच अवश्य करें तथा पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में शामिल कराने में सहयोग करें, ताकि आगामी निर्वाचन प्रक्रिया में कोई भी योग्य मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे@शांतनु/INN
