मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी की अध्यक्षता में दशमोत्तर छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजनान्तर्गत उच्च शिक्षण संस्थानों में लंबित आवेदनों के निस्तारण एवं निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार कार्यवाही सुनिश्चित कराने के संबंध में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में अवगत कराया गया कि दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजनान्तर्गत उच्च शिक्षण संस्थानों में अनुसूचित जाति वर्ग के 2224, सामान्य वर्ग के 1290, अन्य पिछड़ा वर्ग के 2719 तथा अल्पसंख्यक वर्ग के 2831 छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र लंबित हैं। इस पर मुख्य विकास अधिकारी द्वारा संबंधित शिक्षण संस्थानों को कड़ी चेतावनी देते हुए निर्देशित किया गया कि जिन छात्र-छात्राओं के आवेदन पत्र फाइनल सबमिशन कर दिए गए हैं, उनके डाटा पर समयबद्ध रूप से शत-प्रतिशत कार्यवाही सुनिश्चित करें तथा किसी भी दशा में शिक्षण संस्थान स्तर पर आवेदन पत्र लंबित न रहें।
मुख्य विकास अधिकारी द्वारा निर्देश दिए गए कि समस्त दशमोत्तर उच्च शिक्षण संस्थान दिनांक 17 नवम्बर 2026 तक छात्र-छात्राओं का बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण, प्राप्तांक, पूर्णांक एवं उपस्थिति दर्ज करने की कार्यवाही पूर्ण करें। अपात्र छात्र-छात्राओं के डाटा को नियमानुसार निरस्त करते हुए पात्र छात्र-छात्राओं के डाटा का ऑनलाइन सत्यापन कर अग्रसारित किया जाए।

इसके अतिरिक्त जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी एवं क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया गया कि वे अपने स्तर से संबंधित शिक्षण संस्थानों से व्यक्तिगत संपर्क स्थापित कर निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार फाइनल सबमिशन के सापेक्ष छात्र-छात्राओं के डाटा पर दिनांक 17 नवम्बर 2026 तक शत-प्रतिशत कार्यवाही पूर्ण कराना सुनिश्चित करें।
मुख्य विकास अधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना के अंतर्गत किसी भी पात्र छात्र-छात्रा का आवेदन अनावश्यक रूप से लंबित न रहे तथा निर्धारित समय-सीमा में समस्त कार्यवाही पूर्ण की जाए। उल्लेखनीय है कि छात्रवृत्ति एवं शुल्क प्रतिपूर्ति योजना मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाली योजनाओं में से एक है।
बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं अधिक संख्या में आवेदन लंबित रखने वाले शिक्षण संस्थानों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे@शांतनु/INN
