मुरादाबाद। भोजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम उस समय सनसनी फैल गई, जब ग्राम सिरसावा गौड़ के रकबे में रझौड़ा के जंगल से होकर गुजर रही नहर में एक 37 वर्षीय युवक का शव पड़ा मिला। नहर में शव दिखाई देने पर आसपास के क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई। मृतक की पहचान गांव सिरसावा गौड़ निवासी यूनुस पुत्र भूरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, यूनुस मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। सोमवार 16 नवंबर 2026 को शाम करीब पांच बजे स्थानीय लोगों ने रझौड़ा के जंगल से गुजर रही नहर में एक युवक का शव पड़ा देखा। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना भोजपुर थाना पुलिस को दी।
पुलिस ने नहर से निकलवाया शव
सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से शव को नहर से बाहर निकलवाया और कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। इसके बाद शव का पंचनामा भरने और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई।
मौत के कारणों का नहीं चला पता
फिलहाल यूनुस की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता नहीं चल सका है। युवक की मौत की खबर से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा@जफर/INN
