मुरादाबाद। जनपद में आगामी निर्वाचन व्यवस्थाओं को लेकर महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के बाद मुरादाबाद की सभी छह विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के लिए वर्ष 2026-2027 के मतदेय स्थलों के प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान कर दी गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने इसकी जानकारी देते हुए बताया कि जनपद में कुल 1203 मतदान केंद्रों पर 2672 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
छह विधानसभा क्षेत्रों में निर्धारित किए गए मतदेय स्थल
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अनुमोदित प्रस्ताव के अनुसार विधानसभा क्षेत्र 25-कांठ में 226 मतदान केंद्रों पर 459 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसी प्रकार 26-ठाकुरद्वारा में 231 मतदान केंद्रों पर 436, 27-मुरादाबाद ग्रामीण में 161 मतदान केंद्रों पर 419 तथा 28-मुरादाबाद नगर में 149 मतदान केंद्रों पर 550 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।
वहीं, विधानसभा क्षेत्र 29-कुंदरकी में 233 मतदान केंद्रों पर 443 और 30-बिलारी में 203 मतदान केंद्रों पर 365 मतदेय स्थल निर्धारित किए गए हैं।
वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई सूची
जिला निर्वाचन अधिकारी अनुनय झा ने बताया कि मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के पत्र तथा भारत निर्वाचन आयोग के अनुमोदन के क्रम में यह प्रक्रिया पूरी की गई है। अनुमोदित मतदेय स्थलों की सूची आमजन के अवलोकन के लिए जनपद की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है।
आमजन यहां देख सकते हैं विवरण
जनपद के नागरिक आधिकारिक वेबसाइट https://moradabad.nic.in पर जाकर अपने संबंधित विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के मतदान केंद्रों और मतदेय स्थलों की पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने आमजन से वेबसाइट पर उपलब्ध सूची का अवलोकन करने की अपील की है, ताकि उन्हें अपने क्षेत्र की मतदान व्यवस्था की जानकारी पहले से उपलब्ध हो सके@शांतनु/INN
