मुरादाबाद। पुलिस उपमहानिरीक्षक परिक्षेत्र मुरादाबाद, आईपीएस अजय साहनी ने परिक्षेत्र कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से अपनी फरियाद लेकर पहुंचे लोगों ने डीआईजी के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। डीआईजी ने प्रत्येक शिकायत को ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जनसुनवाई के दौरान डीआईजी अजय साहनी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों को केवल औपचारिकता के रूप में न लिया जाए, बल्कि प्रत्येक प्रकरण में गंभीरता से जांच करते हुए नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतकर्ताओं को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें और उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त शिकायतों की निष्पक्षता से जांच कराते हुए उनके निस्तारण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी मामले में लापरवाही या अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। साथ ही शिकायतकर्ता को की गई कार्रवाई से अवगत कराने पर भी ध्यान दिया जाए।

डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को जनशिकायतों के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह बने रहने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आमजन का पुलिस पर विश्वास बनाए रखना पुलिस विभाग की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए जरूरी है कि पीड़ितों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुना जाए और उन्हें न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

जनसुनवाई के माध्यम से डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि आमजन की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर होना चाहिए। पुलिस की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही सुनिश्चित करना ही जनविश्वास को मजबूत करने का आधार है@शांतनु/INN
