मुरादाबाद। जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड एवं राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यों की बिंदुवार समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में खाद्य एवं रसद, औषधि, धान खरीद, गन्ना, नगर निकाय, पीएम स्वनिधि, परिवहन, खनन, राज्य कर, सैनिक कल्याण एवं आईजीआरएस सहित विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए तथा निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।

कर-करेत्तर एवं राजस्व प्राप्ति की समीक्षा के दौरान आबकारी विभाग की लक्ष्य के सापेक्ष 90 प्रतिशत, व्यापार कर की 52 प्रतिशत, वाहन कर एवं यात्रीकर की 85 प्रतिशत तथा विद्युत विभाग की 90 प्रतिशत प्रगति पाए जाने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अतिरिक्त खनन, मंडी समिति, श्रम, जिला पूर्ति, परिवहन एवं गन्ना देय सहित अन्य विभागों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने, राजस्व वसूली में तेजी लाने तथा विभागीय कार्यों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी नगर श्री अंकुर श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व श्रीमती ममता मालवीय, समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे@शांतनु/INN
