भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज खिलाड़ी एमएस धोनी ने आईपीएल से संन्यास लेने का फैसला किया है। चेन्नई सुपर किंग्स ने मंगलवार को इसकी आधिकारिक जानकारी देते हुए बताया कि धोनी अब टीम में खिलाड़ी के बजाय मेंटॉर की जिम्मेदारी संभालेंगे। आईपीएल 2027 में वह नए रोल में टीम के साथ नजर आएंगे।
दरअसल, मंगलवार को सभी आईपीएल फ्रेंचाइजी को अपने रिटेन और रिलीज किए गए खिलाड़ियों की सूची जारी करनी थी। इसी बीच चेन्नई सुपर किंग्स ने धोनी के संन्यास का ऐलान कर क्रिकेट फैंस को चौंका दिया। गौरतलब है कि धोनी आईपीएल 2026 में टीम का हिस्सा होने के बावजूद एक भी मुकाबला नहीं खेले थे। हालांकि, वह लगातार टीम के साथ नजर आते रहे और उनकी एक झलक पाने के लिए स्टेडियम में बड़ी संख्या में दर्शक पहुंचते थे। अब मैदान पर बतौर खिलाड़ी उनका सफर खत्म हो गया है, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के साथ उनका जुड़ाव जारी रहेगा।
