डोकलाम मुद्दे को लेकर एक बार फिर लोकसभा में सियासी तापमान बढ़ गया। विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने जैसे ही इस संवेदनशील विषय पर बोलना शुरू किया, पीठासीन अधिकारी ने उन्हें रोकते हुए अगले वक्ताओं के नाम पढ़ दिए। इससे नाराज़ सपा, टीएमसी सहित कई विपक्षी दलों के सांसदों ने बोलने से इनकार कर दिया।
हालात तब और बिगड़ गए जब विपक्षी सांसद राहुल गांधी के समर्थन में नारेबाजी करते हुए वेल में आ गए। इस दौरान कुछ सांसदों ने आसन की ओर काग़ज़ भी उछाले। भारी हंगामे के चलते सदन की कार्यवाही बाधित हो गई, जिसके बाद पीठासीन अधिकारी कृष्णा प्रसाद तेन्नेटी ने लोकसभा की कार्यवाही दोपहर तीन बजे तक स्थगित करने की घोषणा कर दी।
