मुरादाबाद। मुख्य विकास अधिकारी सुश्री मृणाली अविनाश जोशी ने विकास खण्ड छजलैट में स्थित वृहद गो संरक्षण केंद्र सादकपुर खिचड़ी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गौशाला में कुल 295 गोवंश संरक्षित पाए गए, जिनमें 141 नर एवं 154 मादा गोवंश शामिल हैं।
निरीक्षण में पाया गया कि गौशाला में भूसा, खल, चोकर, हरा चारा एवं गुड़ पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है। गोवंशों को प्रतिदिन निर्धारित मानकों के अनुरूप गुड़ व दाना नियमित रूप से दिया जा रहा है। पीने के लिए ताजा एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था है। साथ ही पानी की होदियों की प्रत्येक सप्ताह चूने से पुताई कराए जाने की जानकारी दी गई।
गौशाला की साफ-सफाई व्यवस्था संतोषजनक पाई गई तथा परिसर में कहीं भी जलभराव या कीचड़ नहीं था। परिसर में खड़ंजा निर्माण कार्य प्रगति पर है। ठंड से बचाव के लिए शेडों के चारों ओर पर्दे लगाए गए हैं और शेडों के अंदर हेलोजन लाइट की पूर्ण व्यवस्था की गई है।

गो आश्रय स्थल की निगरानी के लिए 08 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें विकास भवन स्थित कंट्रोल रूम से जोड़ा गया है, जिससे गौशाला की निरंतर निगरानी की जा रही है। इसके अतिरिक्त गौशाला में वर्मी कम्पोस्ट का निर्माण भी किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान एक गोवंश बीमार पाया गया, जिसका उपचार पशुचिकित्सा अधिकारी द्वारा किया जा रहा है। वहीं गौशाला में पांच गर्भवती गायों को अलग रखकर उनकी विशेष देखभाल की जा रही है तथा उन्हें अतिरिक्त संतुलित आहार उपलब्ध कराया जा रहा है। इनमें से एक गाय ने चार दिन पूर्व बछड़े को जन्म दिया है।
मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि संरक्षित गोवंशों के लिए हरे चारे की नियमित एवं पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने पिछले दो माह से लंबित केयर टेकरों के मानदेय भुगतान को शीघ्र कराने के लिए ग्राम पंचायत सचिव को निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुचिकित्सा अधिकारी, ग्राम प्रधान, पशुधन प्रसार अधिकारी, ग्राम पंचायत अधिकारी सहित गौशाला के सभी केयर टेकर उपस्थित रहे।
