मुरादाबाद। ब्लॉक कुंदरकी के गांव कोनडी में 108 एंबुलेंस सेवा की तत्परता एक बार फिर देखने को मिली। गांव में आपसी विवाद के दौरान 20 वर्षीय मयंक (पुत्र ठकरी) गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा पर कॉल किया।
सूचना मिलते ही कुछ ही मिनटों में एंबुलेंस संख्या UP32FG2728 मौके पर पहुंच गई।
एंबुलेंस के ईएमटी अनिल शर्मा ने घायल युवक को एंबुलेंस में ही प्राथमिक उपचार देना शुरू किया। उन्होंने मरीज के वाइटल्स चेक किए और उसे ढांढस बंधाते हुए कहा, “घबराओ मत, हम तुम्हारे साथ हैं।”
परिजनों के अनुसार, युवक को घबराहट भी हो रही थी, लेकिन एंबुलेंस में तत्काल उपचार मिलने से उसकी स्थिति में सुधार हुआ। प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल, मुरादाबाद में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मरीज को खतरे से बाहर बताया।
मरीज के परिवारजनों ने एंबुलेंस कर्मियों की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि समय पर पहुंची 108 सेवा और ईएमटी की तत्परता से बड़ी अनहोनी टल गई। परिजनों ने यह भी कहा कि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में वे 108 एंबुलेंस सेवा पर ही भरोसा करेंगे।
स्थानीय लोगों ने भी 108 एंबुलेंस कर्मियों की जिम्मेदारी और सेवा भावना की प्रशंसा की है।
