मुरादाबाद। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में मंगलवार को पाँच दिवसीय रोवर्स-रेंजर्स शिविर का शुभारंभ उत्साह, ऊर्जा और अनुशासन के वातावरण में हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरस्वती ने की।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्या ने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स जैसी गतिविधियाँ विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की आधारशिला हैं। उन्होंने अनुशासन, सेवा-भाव, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व क्षमता को जीवन की सफलता के लिए अनिवार्य बताते हुए छात्र-छात्राओं को शिविर की प्रत्येक गतिविधि में सक्रिय भागीदारी का आह्वान किया।
रेंजर्स प्रभारी सुश्री मधु त्यागी ने शिविर के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि यह आयोजन व्यक्तित्व विकास, सामाजिक उत्तरदायित्व, टीम भावना और राष्ट्रसेवा की भावना को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिविर के माध्यम से स्वयं को निखारने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना एवं झंडा गीत से हुई, जिसके बाद राष्ट्रगान और राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया गया। वातावरण देशभक्ति और उत्साह से ओतप्रोत रहा।
रेंजर्स प्रभारी श्री ज्ञानेंद्र सिंह ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया। वहीं प्रशिक्षक सुश्री मोनिका एवं श्री अक्षत शर्मा ने रोवर्स-रेंजर्स के इतिहास, सामान्य नियमों, ताली बजाने की विभिन्न विधियों तथा शिविर अवधि में अनुशासन बनाए रखने संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए।
शिविर के उद्घाटन अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षकगण, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। यह पाँच दिवसीय शिविर 28 फरवरी 2026 तक आयोजित किया जाएगा, जिसमें प्रशिक्षणात्मक, रचनात्मक एवं व्यक्तित्व विकास से जुड़ी विविध गतिविधियाँ संपन्न होंगी@जफर INN
