मुरादाबाद। ट्रांसपोर्ट का काम करने वाले एक मुस्लिम लड़के ने अपने माथे पर तिलक लगाकर और हाथ पर कलावा बांधकर पहले हिंदू होने का नाटक किया, उसके बाद ब्यूटीशियन का काम करने वाली हिंदू लड़की से हिंदू रीति रिवाज के अनुसार मंदिर में शादी भी कर ली। विवाह के ढाई साल बाद तक लड़की के साथ हिंदू रीति रिवाज के अनुसार पूजा अर्चना भी करता रहा। किंतु अपने मां-बाप से ना मिलवाने पर जब लड़की खोजते हुए पति के घर पहुंची तो राज खुल गया। राज ठाकुर बना इकरार पाशा पहले से शादीशुदा था और उसके पत्नी से तीन बच्चे भी थे।


सोमवार को पीड़िता अपने परिजनों और हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ताओं के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंची और आरोपी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

लव जिहाद की शिकार पीड़िता बुद्धि विहार क्षेत्र में रहती है और अपना ब्यूटी पार्लर चलने के साथ टेलरिंग का कार्य भी करती है। उसने बताया कि वर्ष 2022 में अपने आप को राज ठाकुर बताने वाले युवक से उसकी मुलाकात हुई थी। कुछ समय बाद दोनों में प्यार हो गया और दोनों ने हिन्दू रीति रिवाज के साथ मंदिर में जाकर शादी कर ली। शादी को लगभग डेढ़ साल बीत गया। लेकिन बहुत कहने के बाद भी राज ठाकुर ने अपने परिजनों से पीड़िता को नहीं मिलवाया, तो उसे पति राज ठाकुर पर संदेह हुआ।

वह उसके पुश्तैनी मकान भोजपुर पीपलसाना पहुंची, तो उसे पता चला कि जिस युवक ने खुद को राज ठाकुर बताया था वो इकरार पाशा है। इकरार पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। पीड़िता के अनुसार आरोपी इकरार पाशा ने ये भी बताया था कि उसकी पहली बीवी से एक बच्चा है, और बीवी से तलाक हो चुका है। जबकि, पहली बीवी से तीन बच्चे हैं और बीवी उसके साथ रहती है। उधर पीड़िता के दो बच्चे हैं। पहले पति की मृत्यु हो चुकी है। दोनों बच्चे पीड़िता के साथ ही रहते हैं। एसएसपी ने प्रकरण में रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।