
मुरादाबाद। लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने बुधवार शाम मुरादाबाद में संविधान साहित्य वाटिका का उद्घाटन किया। बता दें कि मुरादाबाद नगर निगम ने दिल्ली रोड पर बुद्धि विहार फेस टू में 2 एकड़ भूमि में करीब 15.5 करोड़ की लागत से इस संविधान पार्क का निर्माण किया है। मुरादाबाद पहुंचे लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने पहले लाकड़ी बाईपास पर एक्सपोर्ट फैक्ट्री में निर्यातकों के साथ मीटिंग की। करीब घंटाभर तक इस निर्यात फैक्ट्री को विजिट करने के बाद स्पीकर सर्किट हाउस पहुंचे। इसके बाद शाम को संविधान पार्क काे जनता के सुपुर्द किया। इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की गई यह संविधान साहित्य वाटिका देश में अपनी तरह की एक अद्भुत पहल है। आने वाली पीढ़ी इससे प्रेरणा लेती रहेगी। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, एमएलसी जयपाल सिंह व्यस्त, मेयर विनोद अग्रवाल, भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भडुला, सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता व वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।

तत्पश्चात स्पीकर नया मुरादाबाद में स्थित महापौर विनोद अग्रवाल की कोठी पर पहुंचे। यहां उन्होंने चुनिंदा भाजपा नेताओं के साथ डिनर किया। इसके बाद लोकसभा स्पीकर दिल्ली के लिए रवाना हो गए। इसके पहले मीडिया से बातचीत में लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि, लखनऊ के शुभांशु ने भारत की अंतरिक्ष यात्रा कों नई उचाईयां दी हैं। उन्होंने कहा कि आज भारत अंतरिक्ष यात्रा, विज्ञानं, टेक्नोलॉजी और हर क्षेत्र मे प्रगति कर रहा है। उन्होंने कहा, मैं ऐसे सभी नौजवानो को बधाई देता हूं जो भारत के अंदर नए साइंटिस्ट हैं।



