पश्चिम बंगाल में मतदान के दौरान कई जगहों से तनाव और झड़प की खबरें सामने आई हैं। मुर्शिदाबाद जिले के नौदा क्षेत्र में उस समय माहौल गरमा गया, जब AJUP प्रमुख और रेजीनगर से उम्मीदवार हुमायूं कबीर एक घटना स्थल का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान उनकी तृणमूल कांग्रेस (TMC) समर्थकों से तीखी झड़प हो गई। मौके पर मौजूद पुलिस के साथ भी उनकी बहस हुई, जिसके वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए हैं। हालांकि, विवाद की असली वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और केंद्रीय बलों की तैनाती की गई है।
इसी तरह, मुर्शिदाबाद में मतदान के दौरान भी तनाव देखने को मिला। आरोप है कि TMC कार्यकर्ताओं ने हुमायूं कबीर के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे माहौल और गरम हो गया। हालात बिगड़ने पर सुरक्षा बलों ने मोर्चा संभाला। इस बीच हुमायूं कबीर ने कहा कि वे मौके पर ही धरने पर बैठे हैं और अपनी मांगों को लेकर पीछे नहीं हटेंगे।
वहीं, सिलीगुड़ी में भी मतदान के दौरान झड़प का मामला सामने आया। जगदीश चंद्र विद्यापीठ स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर TMC और भारतीय जनता पार्टी (BJP) कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो जल्द ही धक्का-मुक्की में बदल गई। घटना के समय बीजेपी उम्मीदवार शंकर घोष भी मौके पर मौजूद थे। स्थिति बिगड़ते देख केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों ने तुरंत हस्तक्षेप कर भीड़ को नियंत्रित किया। सुरक्षा बलों की तत्परता से हालात काबू में आए और मतदान प्रक्रिया दोबारा शांतिपूर्ण तरीके से शुरू कराई गई। इलाके को संवेदनशील मानते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं।
