मुरादाबाद। सोमवार को 9वीं वाहिनी पीएसी परिसर में बरेली जोन की 64वीं अंतर्जनपदीय पुलिस तैराकी एवं क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता वर्ष-2026 का भव्य शुभारंभ किया गया।

प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कुंवर आकाश सिंह ने किया। इस दौरान बरेली जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारी, जवान एवं खिलाड़ी मौजूद रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत रूप से किया गया, जिसके बाद प्रतिभागी पुलिसकर्मियों ने खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का संकल्प लिया।

पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने सभी खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल प्रतियोगिताएं पुलिस बल में शारीरिक दक्षता, अनुशासन और टीम भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं जवानों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ-साथ आपसी समन्वय को भी सुदृढ़ करती हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए सभी को बेहतर प्रदर्शन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के लिए शुभकामनाएं दीं। प्रतियोगिता में तैराकी और क्रॉस कंट्री दौड़ की विभिन्न स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा, जिसमें अलग-अलग जनपदों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।

कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजन स्थल पर खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। प्रतियोगिता को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी, पीएसी के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोजन समिति द्वारा बताया गया कि प्रतियोगिता के माध्यम से उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी उच्च स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए भी किया जाएगा@जफर-INN
