मुरादाबाद में ईद-उल-अजहा पर्व को लेकर पुलिस और यातायात विभाग ने व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन प्लान जारी किया है। प्रशासन के अनुसार चांद दिखने के आधार पर 28 मई 2026 को ईद-उल-अजहा मनाई जाएगी। शहर की ईदगाह में सुबह 7:30 बजे नमाज अदा की जाएगी, जबकि अन्य मस्जिदों में सुबह 8 बजे से 10 बजे के बीच नमाज होगी।
त्योहार के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक शहर के कई प्रमुख मार्गों पर वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पुलिस ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
इन मार्गों पर रहेगा वाहनों का प्रवेश बंद
हनुमान मूर्ति तिराहे से शहर की ओर सभी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। केवल पैदल लोगों को अनुमति होगी।
इंपीरियल तिराहे से संभल चौराहे की तरफ वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा।
कोहिनूर तिराहा से दससराय चौकी और डबल फाटक की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे।
इन्द्रा चौक से गलशहीद चौराहे की तरफ सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा।
मंडी चौक और सम्भली गेट से गलशहीद थाने की ओर वाहनों पर रोक रहेगी।
दोपहिया वाहनों को आंशिक राहत
कांठ और दिल्ली रोड से रेलवे स्टेशन तथा इंपीरियल तिराहे की ओर जाने वाले भारी और चार पहिया वाहन फव्वारा तिराहा तक ही जा सकेंगे। वहां से आगे केवल दोपहिया वाहनों को अनुमति दी जाएगी।
रोडवेज और प्राइवेट बसों के लिए विशेष व्यवस्था
बिजनौर और कांठ की ओर से आने वाली बसें सुबह 6 बजे तक सामान्य रूप से चलेंगी, इसके बाद नई तहसील और किला तिराहा से आगे शहर में प्रवेश नहीं करेंगी।
सम्भल, दिल्ली और बिलारी रोड से आने वाली बसें आजाद नगर मोड़ तक ही आएंगी।
रामपुर और बरेली की तरफ से आने वाली बसें काशीपुर तिराहा तक ही संचालित होंगी।
काशीपुर, टांडा और बाजपुर मार्ग की बसें भी काशीपुर तिराहा तक ही आएंगी और वहीं से वापस लौटेंगी।
भारी वाहनों पर भी रोक
माल गोदाम से संचालित भारी वाहनों का शहर में प्रवेश सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता पड़ने पर यातायात व्यवस्था और समय में बदलाव किया जा सकता है।
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि ईद के दौरान धैर्य बनाए रखें और पुलिस द्वारा तय किए गए डायवर्जन प्लान का पालन करें ताकि शहर में शांति और सुचारु यातायात व्यवस्था बनी रहे।
