इमरान हाशमी की फिल्म गैंगस्टर का फेमस गाना ‘या अली’ गाकर युवाओं के बीच नाम बनाने वाले सिंगर जुबिन गर्ग का निधन हो गया है. जुबिन असम के लेजेंडरी गायक थे. जानकारी के मुताबिक, सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान जुबिन हादसे का शिकार हुए, जिसके चलते उनकी जान गई. जुबिन गर्ग के यूं अचानक दुनिया छोड़ जाने से इंडस्ट्री में शोक पसर गया है. साथ ही फैंस के बीच भी शोक की लहर दौड़ गई है. चाहने वाले अपने फेवरेट सिंगर को याद कर आंसू बहा रहे हैं.
रिपोर्ट्स के अनुसार, सिंगापुर पुलिस ने उन्हें समुद्र से बचाया और नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया. इंटेनसिव मेडिकल केयर मिलने के बावजूद, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके. जुबिन, सिंगापुर में नॉर्थ ईस्ट फेस्टिवल में भाग लेने गए थे, जहां उनके आज परफॉर्म करने की योजना थी. उनकी अचानक मौत ने प्रशंसकों और पूरे असमिया समुदाय को स्तब्ध कर दिया है, जिससे भारत की म्यूजिक इंडस्ट्री में एक गहरा खालीपन छूट गया है. असम, नॉर्थ ईस्ट समेत देशभर के फैंस अपने सबसे प्रिय कलाकारों में से एक जुबिन गर्ग के निधन पर शोक व्यक्त कर रहे हैं. कई यूजर्स ने उन्हें श्रद्धांजलि और संवेदनाएं भेज रहे हैं.
