प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार यानी आज ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित हो रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो (UP International Trade Show – UPITS 2025) का उद्घाटन किया. यह आयोजन 25 से 29 सितंबर तक चलेगा. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अगुवाई में राज्य की औद्योगिक, कृषि, सांस्कृतिक और नवाचार संबंधी सफलताएं ग्लोबल लेवल पर प्रदर्शित की जाएंगी.
इस तीसरे संस्करण में 2,500 से ज्यादा प्रदर्शकों के शामिल होने का अनुमान है. साथ ही, 500 विदेशी खरीदार और लगभग पांच लाख आगंतुक यहां पहुंच सकते हैं. साल 2023 में आयोजित पहले संस्करण का उद्घाटन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया था, जबकि दूसरा संस्करण तत्कालीन उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने खोला था. इन दोनों आयोजनों में क्रमशः 1,914 और 2,122 प्रदर्शक मौजूद रहे थे और 2,200 करोड़ रुपये से अधिक के निर्यात ऑर्डर हासिल किए गए थे.
मेले का सबसे बड़ा केंद्र ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ODOP) पवेलियन’ होगा. यहां 343 स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जिनमें भदोही की कालीन कला, फिरोज़ाबाद का ग्लासवर्क, मुरादाबाद की पीतल कारीगरी और सहारनपुर की लकड़ी की नक्काशी जैसे प्रोडक्ट देखने को मिलेंगे. यह मंच स्थानीय शिल्पकारों के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान बनाने का अवसर देगा.
पीएम नरेंद्र मोदी ने उत्तर प्रदेश में इंटरनेशनल ट्रेड शो को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि दुनिया भर में हो रही उथल-पुथल और अनिश्चितता के बावजूद भारत की विकास दर आकर्षक है. पीएम मोदी ने कहा कि भारत ने ऐसे ओपन प्लेटफॉर्म बनाए हैं, जो सबको साथ लेकर चलते हैं. पीएम मोदी ने कहा कि विकास के लिए आत्मनिर्भरता बहुत जरूरी है. उन्होंने बताया कि सरकार मैन्युफैक्चरिंग को बढ़ावा दे रही है. प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि आज देश का नागरिक स्वदेशी से जुड़ रहा है. उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि स्वदेशी को बढ़ावा देने के लिए हमें एक इकोसिस्टम बनाना होगा. पीएम मोदी ने कहा कि छोटे व्यापारियों को मुख्यधारा में शामिल किया गया है.
इस बार रूस को पार्टनर कंट्री के रूप में शामिल किया गया है. 26 सितंबर को रूस-भारत बिज़नेस डायलॉग का आयोजन होगा, जहां दोनों देशों के नीति-निर्माता, उद्योग जगत से जुड़े लोग, वित्तीय संस्थान और शैक्षणिक जगत के प्रतिनिधि नई संभावनाओं पर चर्चा करेंगे. आईटी और इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग अपने 200 वर्गमीटर के पवेलियन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) मॉडल का लाइव डेमो दिखाएगा. इस पवेलियन में अत्याधुनिक तकनीकी सुविधाएं, स्मार्ट डिस्प्ले और एक स्टार्टअप ज़ोन भी मौजूद रहेगा.
खानपान के प्रेमियों के लिए ‘स्वाद उत्तर प्रदेश’ थीम के तहत 25 स्टॉल लगाए जाएंगे. यहां मुरादाबादी दाल, बनारसी पान और लस्सी, पंछी पेठा, जैन शिकंजी, मथुरा पेड़ा और खुर्जा की खुरचन जैसे व्यंजन आगंतुकों को परोसे जाएंगे.
