मुरादाबाद। मुरादाबाद कोचिंग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने अध्यक्ष प्रभात कुमार के नेतृत्व में कुंदरकी विधायक ठाकुर रामवीर सिंह से मुलाकात कर शहर में बंद पड़े कोचिंग संस्थानों को दोबारा संचालित कराने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि पिछले कई दिनों से कोचिंग संस्थानों के बंद रहने से हजारों विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है और संस्थान संचालकों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।
विधायक ठाकुर रामवीर सिंह ने प्रतिनिधिमंडल की बात गंभीरता से सुनते हुए स्पष्ट कहा कि यदि प्रशासन द्वारा सील किए गए कोचिंग संस्थान शासन के निर्धारित मानकों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हैं तथा उनके पास सभी आवश्यक स्वीकृतियां और दस्तावेज उपलब्ध हैं, तो ऐसे संस्थानों को खुलवाने के लिए वह प्रशासन से बात करेंगे और पूरा सहयोग देंगे।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित न हो और जो संस्थान पूरी तरह नियमों के अनुरूप संचालित हो रहे हैं, उन्हें अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
हालांकि विधायक ने यह भी स्पष्ट शब्दों में कहा कि जो कोचिंग संस्थान बिना आवश्यक अनुमति, मानकों या वैधानिक स्वीकृतियों के अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं, अथवा विद्यालय के समय में नियमों के विपरीत कोचिंग चला रहे हैं, उनके विरुद्ध प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई उचित है और ऐसे मामलों में कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
ठाकुर रामवीर सिंह ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है। नियमों का पालन करने वाले संस्थानों के साथ न्याय होना चाहिए, जबकि अवैध रूप से संचालित संस्थानों के खिलाफ प्रशासन को बिना किसी दबाव के कार्रवाई करनी चाहिए।
इस दौरान कोचिंग एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं से विधायक को अवगत कराया और शीघ्र समाधान की मांग की। विधायक ने उन्हें आश्वस्त किया कि वह इस विषय पर प्रशासन से वार्ता कर नियमों के अनुरूप समाधान का प्रयास करेंगे@शांतनु/INN
