मुरादाबाद। बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी राजेंद्र पेंसिया ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादियों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से सुना। इस दौरान बड़ी संख्या में नागरिक अपनी व्यक्तिगत, राजस्व, भूमि विवाद, पुलिस, विकास कार्यों, पेंशन, आवास, विद्युत, जलापूर्ति तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें लेकर पहुंचे।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक शिकायतकर्ता की बात ध्यानपूर्वक सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसुनवाई का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान कर शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

जनसुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि गंभीर मामलों में मौके पर जाकर जांच कराई जाए तथा शिकायतकर्ता को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई से अवगत कराया जाए।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो।

जनसुनवाई के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे और प्राप्त शिकायतों के संबंध में आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराते हुए उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया@शांतनु/INN
