लखनऊ/आगरा। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने आय से अधिक संपत्ति के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तत्कालीन सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) ललित कुमार के विभिन्न ठिकानों पर 7 और 8 जुलाई 2026 को व्यापक तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान करोड़ों रुपये की चल एवं अचल संपत्तियों के साथ भारी मात्रा में सोना, चांदी, नकदी और निवेश संबंधी दस्तावेज बरामद हुए।
विजिलेंस के अनुसार, आरोपी ललित कुमार के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर लखनऊ स्थित उनके आवास सहित कई परिसरों में एक साथ छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान घर में अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखी गई करीब 1 करोड़ 62 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
इसके अलावा लगभग 13 किलोग्राम सोने के आभूषण एवं बिस्किट तथा करीब 9 किलोग्राम चांदी के आभूषण एवं बिस्किट भी बरामद किए गए। इनकी अनुमानित कीमत लगभग 20 करोड़ रुपये आंकी गई है।

जांच में आरोपी के नाम और परिजनों से जुड़ी लखनऊ, रायबरेली और बाराबंकी में कई आवासीय भवन, फ्लैट और कृषि भूमि के दस्तावेज भी मिले। इन अचल संपत्तियों का अनुमानित मूल्य करीब 13 करोड़ रुपये बताया गया है।
विजिलेंस को तलाशी के दौरान दो लग्जरी कारें, रिवॉल्वर, विभिन्न बैंकों, पोस्ट ऑफिस, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से जुड़े दस्तावेज भी मिले हैं। साथ ही घर में बड़े पैमाने पर कराए गए आलीशान निर्माण और इंटीरियर पर हुए भारी खर्च के भी साक्ष्य मिले हैं।
बरामद नकदी, सोना-चांदी, अचल संपत्तियों, वाहनों, घरेलू सामान तथा निवेश को मिलाकर आरोपी की कुल संपत्ति का मूल्य लगभग 35 करोड़ रुपये आंका गया है।
सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि बरामद संपत्तियों का सत्यापन कर उन्हें विवेचना में शामिल किया जा रहा है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है। वहीं, इस सफल कार्रवाई के लिए विजिलेंस की लखनऊ सेक्टर टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा भी की गई है@INN
