वियतनाम के मशहूर पर्यटन स्थल फू क्वोक द्वीप के पास शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। भारतीय पर्यटकों को लेकर जा रही एक नाव अचानक समुद्र में पलट गई, जिससे कई लोगों के लापता होने की आशंका है। हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन ने तुरंत राहत और बचाव अभियान शुरू कर दिया है। बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं और लापता लोगों की तलाश जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही वियतनाम में स्थित भारतीय दूतावास सक्रिय हो गया। दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट साझा कर हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि फू क्वोक द्वीप के पास भारतीय पर्यटकों को ले जा रही नाव पलट गई है। फिलहाल हादसे के कारणों और प्रभावित लोगों की सही संख्या की जानकारी जुटाई जा रही है। भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के साथ लगातार संपर्क में है और पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है।
प्रभावित भारतीय नागरिकों और उनके परिवारों की सहायता के लिए हो ची मिन्ह सिटी स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) ने एक विशेष कंट्रोल रूम भी स्थापित किया है। किसी भी प्रकार की जानकारी या सहायता के लिए इन हेल्पलाइन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है:
📞 +84 36 281 7930
📞 +84 91 552 37 14
भारतीय अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि प्रभावित नागरिकों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी और जैसे-जैसे नई जानकारी सामने आएगी, उसे साझा किया जाएगा। फिलहाल सभी की निगाहें रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं।
