मुरादाबाद। जनपद के कटघर थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक और युवती ने रामगंगा नदी में छलांग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। दोनों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम को नदी में उतार दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक और युवती एक ही बाइक पर सवार होकर रामगंगा नदी के पुल पर पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों ने अचानक बाइक रोकी और कुछ ही क्षणों बाद नदी में छलांग लगा दी। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही कटघर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। गोताखोरों की टीम नदी में दोनों की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस भी घटना के कारणों की जांच कर रही है तथा दोनों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल समाचार लिखे जाने तक प्रेमी युगल का कोई सुराग नहीं लग सका था। पुलिस का कहना है कि सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है और मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
