मुरादाबाद। हल्द्वानी (उत्तराखण्ड) में आयोजित नेशनल ओपन ताइक्वांडो चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन कर दो कांस्य पदक जीतने वाली मुरादाबाद पुलिस की महिला मुख्य आरक्षी नेहा यादव को सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सम्मानित किया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह भी मौजूद रहे।
एसएसपी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने नेहा यादव को उनकी उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर न केवल मुरादाबाद पुलिस, बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश पुलिस का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपनी ड्यूटी के साथ-साथ खेलों में भी उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं, जो अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण कुंवर आकाश सिंह ने भी नेहा यादव के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी सफलता यह संदेश देती है कि दृढ़ संकल्प, अनुशासन और निरंतर अभ्यास से किसी भी क्षेत्र में उत्कृष्ट मुकाम हासिल किया जा सकता है।
महिला मुख्य आरक्षी नेहा यादव ने सम्मान मिलने पर वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त किया और कहा कि भविष्य में भी वह राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर मुरादाबाद पुलिस और प्रदेश का नाम रोशन करने का प्रयास करती रहेंगी।
सम्मान समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नेहा यादव की उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पुलिस विभाग में इस उपलब्धि को लेकर खुशी का माहौल रहा@शांतनु/INN
