मुरादाबाद। आगामी कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मंगलवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंतिल के निर्देशानुसार क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह ने थाना भगतपुर क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान क्षेत्राधिकारी ने डूंगरपुर चौराहा, सिरसवा रोड एवं वीरपुर मंदिर का भ्रमण कर कांवड़ यात्रा मार्ग, यातायात प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम यातायात और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

इसके बाद क्षेत्राधिकारी ने ग्राम भानपुर गजरौला में जन चौपाल आयोजित कर ग्रामीणों एवं स्थानीय नागरिकों से संवाद किया। उन्होंने लोगों से कांवड़ यात्रा के दौरान शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की तथा पुलिस प्रशासन को सहयोग करने का अनुरोध किया।

क्षेत्राधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित एवं सुगमता के साथ अपनी यात्रा पूरी कर सकें। स्थानीय लोगों ने भी पुलिस प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया@जफर/INN
