मुरादाबाद। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को दिल्ली रोड स्थित तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) में जनपद के बूथ लेवल ऑफिसर्स (बीएलओ), बूथ लेवल सुपरवाइजर्स और सहायक रिटर्निंग अधिकारियों (एआरओ) के साथ संवाद किया। इस दौरान उन्होंने देश की चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुदृढ़ व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा करते हुए चुनावी तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त के आगमन पर जिले के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम में निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बड़ी संख्या मौजूद रही।

मीडिया से बातचीत में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मुरादाबाद में बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर्स और एआरओ के साथ सार्थक संवाद हुआ। उन्होंने कहा कि भारत की चुनावी प्रणाली विश्व की सबसे पारदर्शी और सक्षम व्यवस्थाओं में से एक है। मतदाता सूची के निर्माण से लेकर मतदान और मतगणना तक की प्रत्येक प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संचालित की जाती है।

उन्होंने कहा कि चुनाव की सभी महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं का राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों की मौजूदगी में सत्यापन एवं निगरानी की जाती है, जिससे चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता और विश्वसनीयता बनी रहती है। यही कारण है कि भारत की लोकतांत्रिक व्यवस्था पूरी दुनिया के लिए एक आदर्श मानी जाती है।

मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है और वर्ष 2026 में वैश्विक निर्वाचन प्रबंधन से जुड़े मंच की अध्यक्षता भी कर रहा है। यह भारत की चुनावी व्यवस्था की विश्वसनीयता और दक्षता का प्रमाण है।

उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों से कहा कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाए रखना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में न रहे, इसके लिए बीएलओ और सुपरवाइजर्स की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।

ज्ञानेश कुमार ने कहा कि मुरादाबाद बहुत समय बाद आने का अवसर मिला। उन्होंने शहर के तेजी से हुए विकास की सराहना करते हुए कहा कि यहां आकर अच्छा लगा। स्थानीय लोगों एवं निर्वाचन अधिकारियों से संवाद भी बेहद सकारात्मक और उपयोगी रहा।

कार्यक्रम के दौरान निर्वाचन प्रक्रिया को और अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं मतदाता-केंद्रित बनाने के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई तथा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग की प्राथमिकताओं और कार्यप्रणाली से अवगत कराया गया@शांतनु/INN
