संसद मार्च को लेकर सियासी हलचल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नीट पेपर लीक मामले पर पहली बार सार्वजनिक रूप से अपनी प्रतिक्रिया दी है। एनडीए संसदीय दल की बैठक को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सरकार युवाओं के भविष्य से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी और पेपर लीक के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
प्रधानमंत्री ने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी का मुद्दा राजनीति से ऊपर है और इसका सीधा असर लाखों छात्रों के भविष्य पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि छात्रों के हितों को ध्यान में रखते हुए दोबारा परीक्षा कराई गई, जिसे सफलतापूर्वक संपन्न कराया गया।
पीएम मोदी ने यह भी कहा कि पेपर लीक की जानकारी मिलते ही सरकार ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। उन्होंने भरोसा दिलाया कि दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी। साथ ही उन्होंने कहा कि यह केवल केंद्र सरकार की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि राज्यों और सभी संबंधित एजेंसियों को मिलकर ऐसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए एकजुट होकर काम करना होगा। छात्रों के भविष्य की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
