मुरादाबाद। मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने शुक्रवार को एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए कांठ रोड स्थित वासुदेव कॉम्प्लेक्स में अवैध रूप से संचालित स्कॉलर डेन कोचिंग संस्थान को दोबारा सील कर दिया। आरोप है कि कोचिंग संचालक विवेक ठाकुर ने प्राधिकरण की पूर्व सीलिंग कार्रवाई के बावजूद बिना अनुमति परिसर में फिर से कक्षाएं शुरू करा दी थीं।

सूचना मिलने पर MDA की टीम अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंची। उस समय परिसर में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं पढ़ाई कर रहे थे। टीम ने सबसे पहले सभी विद्यार्थियों को सुरक्षित बाहर निकलवाया, जिसके बाद भवन को दोबारा सील कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान परिसर के बाहर छात्रों और अभिभावकों की भीड़ लग गई और कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

बताया जा रहा है कि वासुदेव कॉम्प्लेक्स को पूर्व में भवन संबंधी अनियमितताओं और आवश्यक स्वीकृतियों के अभाव में सील किया गया था। जिस जगह स्कॉलर डेन संस्थान चलाया जा रहा था वह स्थान केवल कपड़ा शोरूम के लिए स्वीकृत है। इसके बावजूद संस्थान का संचालन फिर शुरू कर दिया गया, जिसे प्राधिकरण ने सीलिंग आदेश का उल्लंघन माना है।

सूत्रों के अनुसार, इस पूरे मामले में अब भवन स्वामी चिकित्सक की भूमिका भी प्राधिकरण के रडार पर आ गई है। चर्चा है कि मुरादाबाद विकास प्राधिकरण भवन स्वामी के विरुद्ध भी कार्रवाई कर सकता है। बताया जा रहा है कि भवन स्वामी ने प्राधिकरण को बाकायदा शपथ पत्र देकर यह आश्वासन दिया था कि परिसर में भविष्य में किसी भी प्रकार का कोचिंग संस्थान संचालित नहीं होने दिया जाएगा।

सूत्रों के मुताबिक, इसी शपथ पत्र और आश्वासन के आधार पर प्राधिकरण ने सील किए गए परिसर को केवल नक्शा नियमितीकरण (रेगुलराइजेशन) और कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी करने के लिए एक सप्ताह के लिए खोला था। लेकिन इसी अवधि में परिसर में फिर से स्कॉलर डेन कोचिंग का संचालन शुरू कर दिया गया। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम के छापे के दौरान परिसर में छात्र-छात्राओं के पढ़ाई करते मिलने के बाद अधिकारियों ने इसे शर्तों और दिए गए शपथ पत्र का उल्लंघन माना है।

प्राधिकरण के अधिकारियों का कहना है कि किसी भी सील किए गए परिसर का बिना अनुमति संचालन करना गंभीर कानूनी उल्लंघन है। ऐसे मामले में संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, यदि जांच में यह पाया जाता है कि भवन स्वामी द्वारा दिए गए शपथ पत्र का उल्लंघन हुआ है, तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि हाल के दिनों में मुरादाबाद विकास प्राधिकरण शहर में अवैध निर्माण, बिना अनुमति संचालित संस्थानों तथा मानकों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ लगातार अभियान चला रहा है। इसी क्रम में स्कॉलर डेन कोचिंग पर दोबारा की गई यह कार्रवाई और भवन स्वामी की भूमिका की जांच को प्राधिकरण की सख्त कार्यशैली के रूप में देखा जा रहा है@शांतनु/INN
