मुरादाबाद। कटघर क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुई युवती आदिला के मामले में पुलिस जांच निर्णायक चरण में पहुंच गई है। विवेचना के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने क्षेत्र के हिस्ट्रीशीटर कुर्बान अली और उसके भाई गुलफाम अली को नामजद करते हुए उनके खिलाफ अपहरण और हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े हर पहलू की गहन पड़ताल की जा रही है और जल्द ही मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार आदिला 8 जुलाई को संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुई थी। जांच के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों और परिजनों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी के आधार पर यह आशंका मजबूत हुई कि युवती का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके बाद शव को उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र में ले जाकर फेंक दिया गया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि विवेचना के दौरान कई अहम तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्य सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि शव को ठिकाने लगाने के लिए थार वाहन का इस्तेमाल किया गया था। पुलिस वाहन की आवाजाही, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल फोन की लोकेशन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का मिलान कर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
पुलिस ने बताया कि नामजद आरोपी गुलफाम अली फिलहाल रामपुर जिला कारागार में एक अन्य आपराधिक मामले में निरुद्ध है। वहीं दूसरे आरोपी कुर्बान अली की भूमिका की भी विस्तार से जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि मामले की विवेचना पूरी निष्पक्षता और वैज्ञानिक तरीके से की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुरूप आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
बहुचर्चित आदिला हत्याकांड में इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं पर भी लगातार काम किया जा रहा है@शांतनु/INN
