मुरादाबाद। शहर का चर्चित कोचिंग संस्थान स्कॉलर्स डेन लगातार नए-नए विवादों में घिरता जा रहा है। पहले अवैध संचालन, भवन उपयोग, सीलिंग और विभिन्न विभागों की कार्रवाई को लेकर चर्चा में रहे इस संस्थान के सामने अब एक और बड़ा संकट खड़ा होता दिखाई दे रहा है। सूत्रों के अनुसार संस्थान के कई वरिष्ठ एवं चर्चित फैकल्टी मेंबर्स जल्द ही स्कॉलर्स डेन का साथ छोड़ सकते हैं। इसकी प्रमुख वजह पिछले करीब तीन महीने से वेतन का भुगतान न होना बताई जा रही है।
शिक्षा जगत में चर्चा है कि वेतन भुगतान में लगातार देरी से शिक्षकों में गहरा असंतोष व्याप्त है। कई अनुभवी शिक्षक अन्य संस्थानों से संपर्क कर चुके हैं, जबकि कुछ के संस्थान छोड़ने की चर्चाएं तेजी से फैल रही हैं। यदि ऐसा होता है तो आगामी शैक्षणिक सत्र में यह स्कॉलर्स डेन के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है।
MDA ने दोबारा सील किया वासुदेव परिसर
इसी बीच शुक्रवार को मुरादाबाद विकास प्राधिकरण (MDA) ने वासुदेव परिसर को एक बार फिर सील कर दिया। प्राधिकरण की कार्रवाई इसलिए हुई क्योंकि परिसर में कथित रूप से स्कॉलर्स डेन कोचिंग संस्थान द्वारा दोबारा अवैध रूप से कोचिंग संचालन शुरू कर दिया गया था।
जानकारी के अनुसार, वासुदेव परिसर के स्वामी डॉ. संदीप बंसल द्वारा भवन की कंपाउंडिंग के लिए आवेदन किया गया था। इस पर MDA ने केवल सात दिनों के लिए परिसर खोलने की अनुमति दी थी, ताकि विभागीय नापतोल के बाद मानचित्र के अनुरूप आवश्यक सुधार कर भवन की कंपाउंडिंग की प्रक्रिया पूरी की जा सके।
बताया जाता है कि डॉ. संदीप बंसल ने प्राधिकरण को शपथ पत्र भी दिया था कि भविष्य में इस भवन में कोचिंग संस्थान का संचालन नहीं होने दिया जाएगा। लेकिन शुक्रवार को जब MDA की टीम निरीक्षण के लिए पहुंची तो वहां स्कॉलर्स डेन द्वारा कोचिंग का संचालन होते हुए पाया गया, जिसके बाद टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए परिसर को पुनः सील कर दिया।
सूत्रों के अनुसार, प्राधिकरण इस पूरे मामले को गंभीर मानते हुए संबंधित पक्षों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की तैयारी भी कर रहा है।
नामचीन फैकल्टी के संस्थान छोड़ने की चर्चा
सूत्रों का कहना है कि स्कॉलर्स डेन की पहचान रहे कई लोकप्रिय शिक्षक अब संस्थान में अपना भविष्य सुरक्षित नहीं मान रहे हैं। कुछ फैकल्टी सदस्यों ने अन्य संस्थानों से बातचीत शुरू कर दी है, जबकि कई के जल्द ही इस्तीफा देने की चर्चाएं शिक्षा जगत में जोर पकड़ रही हैं।
शहर में नए कोचिंग संस्थान की तैयारी
शिक्षा जगत में यह भी चर्चा है कि शहर के एक प्रतिष्ठित चिकित्सक आधुनिक सुविधाओं और अनुभवी शिक्षकों के साथ नया कोचिंग संस्थान शुरू करने की तैयारी कर रहे हैं। यदि यह योजना साकार होती है तो स्कॉलर्स डेन छोड़ने वाले कई वरिष्ठ फैकल्टी सदस्य वहां नई जिम्मेदारी संभाल सकते हैं।
हालांकि अभी तक इस संबंध में किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
बड़े स्तर पर फैकल्टी हायरिंग की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक प्रस्तावित नए संस्थान के लिए बड़े पैमाने पर फैकल्टी हायरिंग की तैयारियां चल रही हैं। शहर के अलावा अन्य जनपदों के अनुभवी शिक्षकों से भी संपर्क किए जाने की बातें सामने आ रही हैं।
अग्निशमन विभाग की NOC पर भी बड़ा खुलासा
स्कॉलर्स डेन के संचालक विवेक ठाकुर द्वारा अपने पास अग्निशमन विभाग की NOC होने के दावे पर भी अब गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) के अनुसार, वासुदेव परिसर के लिए जारी की गई अग्निशमन NOC केवल भवन स्वामी डॉ. संदीप बंसल को शोरूम संचालन के उद्देश्य से प्रदान की गई थी। कोचिंग सेंटर चलाने के लिए स्कॉलर्स डेन अथवा उसके संचालक के नाम कभी कोई NOC जारी नहीं की गई।
CFO के अनुसार, स्कॉलर्स डेन के संचालक विवेक ठाकुर ने पिछले महीने कोचिंग संचालन के लिए NOC हेतु आवेदन किया था, लेकिन विभागीय परीक्षण के बाद उस आवेदन को निरस्त कर दिया गया।
ऐसी स्थिति में यदि संस्थान की ओर से कोचिंग संचालन के लिए अग्निशमन विभाग की NOC होने का दावा किया जा रहा है, तो विभागीय अधिकारियों के अनुसार वह सही नहीं है।
DIOS ने भी अनुमति देने से किया इंकार
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय के अधिकारियों का भी कहना है कि वासुदेव परिसर में स्कॉलर्स डेन कोचिंग संस्थान चलाने के लिए विभाग की ओर से कोई NOC अथवा अनुमति जारी नहीं की गई है। अधिकारियों के अनुसार संस्थान द्वारा यदि ऐसी किसी अनुमति का दावा किया जा रहा है तो वह विभागीय अभिलेखों के अनुरूप नहीं है।
लगातार बढ़ रहे हैं विवाद
पिछले कुछ समय से स्कॉलर्स डेन को लेकर भवन उपयोग, मानचित्र उल्लंघन, अग्नि सुरक्षा मानकों, प्रशासनिक कार्रवाई, दोबारा सीलिंग, NOC विवाद और अब फैकल्टी असंतोष जैसी घटनाओं ने संस्थान को लगातार सुर्खियों में बनाए रखा है। प्रकरण में प्रयासों के बाद भी संस्थान का पक्ष नहीं मिल पाया@शांतनु/INN
