दिल्ली के जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्रों का प्रदर्शन शनिवार को भी जारी है। इसी बीच दोपहर करीब 3:30 बजे प्रदर्शनकारियों के प्रतिनिधिमंडल और सरकार के बीच अहम बैठक प्रस्तावित है, जिससे आंदोलन को लेकर आगे की रणनीति तय होने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक से पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने 10 जनपथ से छात्रों के आंदोलन को लेकर केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देशभर के छात्र तीन प्रमुख मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और इन मांगों को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
राहुल गांधी के मुताबिक पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की है। दूसरी मांग छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज के जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। वहीं तीसरी मांग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की है।
उन्होंने कहा कि ये मांगें उनकी या कांग्रेस पार्टी की नहीं हैं, बल्कि आंदोलन में शामिल छात्रों की आवाज हैं। राहुल गांधी ने दावा किया कि उन्हें ऐसी जानकारी मिल रही है कि सरकार धर्मेंद्र प्रधान को शिक्षा मंत्रालय से हटाकर किसी अन्य मंत्रालय की जिम्मेदारी देने पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि केवल मंत्रालय बदलना समाधान नहीं है, बल्कि छात्रों की मांग के अनुरूप उन्हें पूरी तरह पद से हटाया जाना चाहिए।
राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था में हुई कथित गड़बड़ियों और छात्रों के भविष्य से जुड़े मामलों की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में जवाबदेही से बचने की कोशिश नहीं होनी चाहिए।
अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी ने आंदोलन में घायल हुए कुछ छात्रों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कई छात्रों को गंभीर चोटें आई हैं। उनका दावा है कि एक छात्र की आंख में छर्रा लगने से उसकी दृष्टि पर भी गंभीर असर पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में छात्रों के साथ बल प्रयोग किया गया और इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि छात्रों की मांग केवल आश्वासन या सुझावों की नहीं, बल्कि ठोस कार्रवाई की है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की बात गंभीरता से सुननी चाहिए और उनकी मांगों पर स्पष्ट निर्णय लेना चाहिए।
