दिल्ली में छात्र आंदोलन और CJP के विरोध-प्रदर्शन के बीच बंद किए गए प्रमुख मेट्रो स्टेशन अब दोबारा आम यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य होने के बाद दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने राजीव चौक, मंडी हाउस और केंद्रीय सचिवालय मेट्रो स्टेशनों पर सभी सेवाएं बहाल कर दी हैं।
दरअसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन कर रहे छात्रों में खुशी का माहौल देखने को मिला। इस्तीफे की घोषणा के कुछ समय बाद ही DMRC ने सुरक्षा एजेंसियों और दिल्ली पुलिस से मिली अनुमति के आधार पर बंद किए गए स्टेशनों को फिर से खोलने का फैसला लिया।
अब इन स्टेशनों के सभी एंट्री और एग्जिट गेट यात्रियों के लिए खोल दिए गए हैं। इससे कनॉट प्लेस, लुटियंस दिल्ली और आसपास के इलाकों में आने-जाने वाले हजारों यात्रियों, कर्मचारियों और कार्यालय जाने वालों को बड़ी राहत मिली है।
गौरतलब है कि जंतर-मंतर पर चल रहे छात्र आंदोलन के दौरान भारी भीड़ और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए एहतियातन कई मेट्रो स्टेशनों पर प्रवेश और निकास बंद कर दिए गए थे। इस फैसले का सबसे अधिक असर राजीव चौक और मंडी हाउस जैसे व्यस्त इंटरचेंज स्टेशनों पर पड़ा, जहां यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने पड़े।
फिलहाल, मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा व्यवस्था पहले की तरह कड़ी बनी हुई है। हालांकि, ट्रेन संचालन और यात्रियों की आवाजाही अब पूरी तरह सामान्य हो चुकी है और सभी सेवाएं नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
