भगतपुर (मुरादाबाद)। भगतपुर थाना क्षेत्र के गांव मानपुर दत्तराम के पास ढेला नदी में शनिवार दोपहर एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नदी से बाहर निकलवाकर कब्जे में लिया। बाद में उसकी पहचान बिजनौर जनपद के थाना रेहड़ क्षेत्र के गांव नारायणवाला निवासी 20 वर्षीय ललिता पुत्री सोदयाल के रूप में हुई। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर करीब एक बजे मानपुर दत्तराम के निकट ढेला नदी पुल के पास खेतों में काम कर रहे ग्रामीणों ने नदी में एक शव उतराता देखा। सूचना मिलते ही भगतपुर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। पहचान कराने के प्रयास के बाद परिजनों को सूचना दी गई।
परिजनों ने बताया कि ललिता ठाकुरद्वारा में किराये के कमरे में रहकर एक कोचिंग संस्थान से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी। वह अपनी भतीजी के साथ रहती थी। शुक्रवार को वह अचानक लापता हो गई थी, जिसके बाद इसकी सूचना थाना ठाकुरद्वारा पुलिस को दी गई थी।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार को उसका भाई जरूरी सामान देने उसके कमरे पर पहुंचा था। इस दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसके बाद ललिता वहां से चली गई और वापस नहीं लौटी। परिजनों का कहना है कि वह नाराज होकर कहीं चली गई थी। फिलहाल उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।
घटना की सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा, फोरेंसिक टीम और पुलिस अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी@जफर/INN
