मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने जिले में शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विशेष प्रवर्तन अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों से खाद्य पदार्थों के नमूने एकत्र किए। सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. भूपेंद्र सिंह ने आरटीओ कार्यालय के पास स्थित सलीम से गाय के दूध का नमूना लिया। इसके अलावा मिशन कंपाउंड, सिविल लाइंस स्थित अली चिकन बिरयानी से चिकन बिरयानी का नमूना भी संग्रहित किया गया।

अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. यादव ने भी उक्त प्रतिष्ठान से बिरयानी का नमूना लिया। वहीं खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजीव कुमार ने मंडी समिति के सामने स्थित फेमस रेस्टोरेंट से चिकन बिरयानी का नमूना एकत्र किया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी कृपा शंकर ने बस स्टेशन स्थित करीम शमा रेस्टोरेंट से दही का नमूना जांच के लिए लिया।

विभाग के अनुसार सभी नमूनों को परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद यदि किसी नमूने में निर्धारित मानकों के विपरीत गुणवत्ता या मिलावट पाई जाती है तो संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता के प्रति सजग रहें। यदि कहीं मिलावटी या अस्वच्छ खाद्य सामग्री की बिक्री की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तत्काल विभाग को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके@शांतनु/INN
