अमरोहा। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय अमरोहा स्थित एक होटल में “मीडिया फॉर पीस एंड प्रोग्रेस” (शांति और प्रगति के लिए मीडिया) विषय पर एक प्रेरणादायी मीडिया संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी में मुख्य वक्ता के रूप में दिल्ली से पधारीं वरिष्ठ राजयोगिनी शिक्षिका बीके लता दीदी ने उपस्थित पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया केवल सूचनाएं और समाचार प्रसारित करने का साधन मात्र नहीं है, बल्कि यह समाज में व्यापक और सकारात्मक बदलाव लाने की एक अत्यंत प्रभावशाली शक्ति है।

वरिष्ठ राजयोग शिक्षिका ने वर्तमान दौर में मीडिया के बढ़ते प्रभाव को रेखांकित करते हुए कहा कि आज समाचारों का असर सीधे तौर पर करोड़ों लोगों की सोच, प्राथमिकताओं और जीवन शैली पर पड़ता है। ऐसे में यदि मीडिया संस्थान सकारात्मकता, सत्यता और प्रेरणाप्रद विषयों को प्रमुखता दें, तो समाज में शांति, आपसी सद्भाव, नैतिक मूल्यों और समग्र प्रगति को एक नई गति मिल सकती है। उन्होंने इस बात पर विशेष बल दिया कि केवल नकारात्मक घटनाओं को उभारने की तुलना में समाधान, प्रेरणा और मानवीय संवेदनाओं से जुड़े समाचार समाज को अधिक सशक्त और संवेदनशील बनाते हैं।

आध्यात्मिक मूल्यों और राजयोग की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए बीके लता दीदी ने कहा कि राजयोग मेडिटेशन मानसिक शांति प्राप्त करने, तनावमुक्त जीवन जीने और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने का सबसे प्रभावी जरिया है। उन्होंने कहा कि यदि मीडिया पत्रकारिता के माध्यम से शांति और मानवीय मूल्यों के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाए, तो एक श्रेष्ठ, सुसंस्कृत और मूल्य-निष्ठ समाज के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई जा सकती है।

संगोष्ठी के दौरान उपस्थित वरिष्ठ पत्रकार डॉ संतोष गुप्ता ने भी सामाजिक सरोकारों और सकारात्मक पत्रकारिता की वर्तमान आवश्यकता पर अपने विचार रखे। साथ ही ब्रह्माकुमारीज़ संस्थान द्वारा संपूर्ण विश्व में किए जा रहे आध्यात्मिक, सामाजिक एवं नैतिक उत्थान के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना की।इस अवसर पर विश्व शांति एवं कल्याण की भावना से सामूहिक राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराया गया।
इस अवसर पर अमरोहा सेंटर इंचार्ज बीके अर्चना, वरिष्ठ पत्रकार महिपाल सिंह, तुलाराम ठाकुर, बीएस आर्य, डॉ नरेन्द्र सिंह, डॉ प्रथम आदि गणमान्य जन उपस्थित थे@जफर/INN
