मुरादाबाद। राजकीय महाविद्यालय भोजपुर में सोमवार को शैक्षणिक सत्र 2026-27 के नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं के स्वागत के लिए दीक्षांत (ओरिएंटेशन) समारोह का गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नए विद्यार्थियों को महाविद्यालय के शैक्षणिक वातावरण, विभिन्न विभागों, पाठ्यक्रमों एवं संस्थान की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था, ताकि वे अपने शैक्षणिक जीवन की बेहतर शुरुआत कर सकें।
समारोह के दौरान विद्यार्थियों को गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय के कुलपति के प्रेरणादायक संबोधन का सजीव प्रसारण दिखाया गया। कुलपति ने अपने संदेश में विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों, अनुशासन, नवाचार एवं व्यक्तित्व विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने युवाओं से ज्ञान, कौशल और सामाजिक जिम्मेदारियों का संतुलित निर्वहन करते हुए राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
इसके बाद महाविद्यालय के विभिन्न विषयों के प्राध्यापकों ने अपने-अपने विभागों का परिचय देते हुए पाठ्यक्रम, अध्ययन पद्धति, परीक्षा प्रणाली, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों तथा विद्यार्थियों के दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने छात्रों को नियमित कक्षाओं में उपस्थिति, समयबद्ध अध्ययन तथा महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए प्रेरित किया।
समारोहिका डॉ. पूजा निर्माणियां ने महाविद्यालय की स्थापना, विकास यात्रा और अब तक की प्रमुख उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि संस्थान विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सर्वांगीण विकास के अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सरस्वती ने नवप्रवेशित छात्र-छात्राओं का हार्दिक स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की पाठशाला है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, नियमित अध्ययन, सकारात्मक सोच और मेहनत को सफलता का मूल मंत्र बताते हुए अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विद्यार्थी महाविद्यालय की गरिमा को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे।
कार्यक्रम के अंत में इतिहास विभाग की प्राध्यापिका सुश्री मधु त्यागी ने सभी अतिथियों, शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं विद्यार्थियों का आभार व्यक्त किया। समारोह में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में नवप्रवेशित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण एवं प्रेरणादायक वातावरण में हुआ@जफर/INN
