जापान के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में स्थित क्यूशू द्वीप पर मंगलवार को 7.1 तीव्रता का तेज भूकंप महसूस किया गया। भूकंप का केंद्र कुमामोतो क्षेत्र के आसपास बताया गया है। झटकों के तुरंत बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) ने सुनामी की चेतावनी जारी करते हुए तटीय क्षेत्रों में करीब एक मीटर ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई है।
प्रशासन ने लोगों से समुद्र तटों और निचले इलाकों से दूर रहने तथा जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की अपील की है। एहतियात के तौर पर कुमामोतो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रांतों में भी आपातकालीन भूकंप अलर्ट जारी किया गया है।
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के अनुसार, फिलहाल किसी के हताहत होने या बड़े पैमाने पर नुकसान की सूचना नहीं मिली है। स्थानीय प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण कर रही हैं, जबकि संभावित सुनामी के खतरे पर भी नजर रखी जा रही है।
जापान भूकंप प्रभावित देशों में प्रमुख माना जाता है। यहां अत्याधुनिक अर्ली वार्निंग सिस्टम कुछ ही सेकंड में लोगों तक चेतावनी पहुंचा देता है, जिससे समय रहते बचाव के कदम उठाना संभव हो पाता है। फिलहाल अधिकारियों ने क्यूशू द्वीप के निवासियों से सतर्क रहने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। आने वाले कुछ घंटों में स्थिति और स्पष्ट होने की उम्मीद है।
