मुरादाबाद। जनपद में आयुर्वेद एवं यूनानी तथा देसी दवाखाना का बोर्ड लगाकर अवैध तरीके से संचालित किए जा रहे क्लीनिकों के विरुद्ध प्रशासनिक स्तर से कार्रवाई तेज कर दी गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में निर्धारित मानकों के विपरीत अवैध तरीके से संचालित क्लीनिकों को नियमों के दायरे में लाने के लिए जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर सघन चेकिंग अभियान शुरू किया गया है।

क्षेत्रीय आयुर्वेद एवं यूनानी अधिकारी डॉ. अमरदीप सिंह नायक ने बताया कि जनपद में आयुर्वेद एवं यूनानी तथा देसी दवाखाना का बोर्ड लगाकर क्लीनिक संचालित किए जा रहे हैं। इन अवैध क्लीनिकों के बारे में प्रशासन को लगातार शिकायतें मिल रही थीं, इन सभी अवैध और झोलाछाप क्लीनिकों के विरुद्ध कठोरतम कार्यवाही के लिए जिलाधिकारी के निर्देश पर 02 टीमों का गठन किया गया है।

इन टीमों द्वारा, करूला, कुंदरकी, पाकबड़ा और मैनाठेर क्षेत्रों में सघन छापेमारी के दौरान 06 अवैध क्लीनिकों को सीज कराया गया तथा कई क्लीनिक मौके पर बंद मिले। टीम द्वारा स्थानीय पुलिस बल के सहयोग से बंद करने की कार्यवाही के साथ साथ बोर्ड एवं अन्य सामग्रियां जब्त करने की भी कार्यवाही की गई है।

उन्होंने बताया कि लगातार चेकिंग अभियान के साथ-साथ इन झोलाछाप एवं फर्जी क्लीनिकों के संचालन और आश्रय देने में संलिप्त लोगों के विरुद्ध गोपनीय तरीके से जांच भी कराई जा रही है ताकि फर्जी क्लीनिकों के संचालन में सहयोगी लोगों को भी विधिक कार्रवाई के दायरे में लाया जा सके।

चेकिंग टीम में डॉ. दानवीर सिंह, डॉ. नदीम मलिक, डॉ. फाईक अली, डॉ. वर्णिका रानी के साथ ही स्थानीय पुलिस बल मौजूद रहे@शांतनु/INN
