मुरादाबाद। आगामी श्रावण मास कांवड़ यात्रा-2026 एवं चेहल्लुम को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना भोजपुर क्षेत्र के किला रिपोर्ट नेकपुर में समन्वय गोष्ठी आयोजित की गई। गोष्ठी वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद सतपाल अंकित के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में संपन्न हुई।

बैठक में कांवड़ संघ के जत्थेदारों, डीजे संचालकों एवं चेहल्लुम आयोजकों के साथ विस्तृत चर्चा कर दोनों आयोजनों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आपसी समन्वय पर बल दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने शासन एवं प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील करते हुए सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, ध्वनि प्रदूषण संबंधी नियमों तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का आह्वान किया।

प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि सभी पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और सहयोग की भावना के साथ मनाए जाएं। उन्होंने आयोजकों से अफवाहों पर ध्यान न देने, किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा प्रशासन द्वारा जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की।

गोष्ठी में एसएसआई महेश मलिक, उपनिरीक्षक इजहार, उपनिरीक्षक शराफत हुसैन, उपनिरीक्षक अनुज कुमार, उपनिरीक्षक जोनसन, चेयरमैन पुत्र अर्शमान अंसारी, सभासद तौकीर कुरैशी, सभासद ताहिर हुसैन, मनोज कुमार, अर्पित कुमार, जितेंद्र सिंह सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, कांवड़ संघ के प्रतिनिधि एवं चेहल्लुम आयोजन समितियों के सदस्य उपस्थित रहे@जफर/INN
