मुरादाबाद। आगामी श्रावण मास की कांवड़ यात्रा-2026 को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को उत्तर प्रदेश और उत्तराखण्ड पुलिस के अधिकारियों की अंतर्राज्यीय समन्वय गोष्ठी आईजीएल, काशीपुर (उत्तराखण्ड) में आयोजित की गई। बैठक में दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की।
गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी ठाकुरद्वारा आशीष प्रताप सिंह, थाना प्रभारी ठाकुरद्वारा तथा थाना प्रभारी भगतपुर ने उत्तर प्रदेश पुलिस का प्रतिनिधित्व किया। वहीं उत्तराखण्ड पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी बैठक में भाग लेकर आपसी समन्वय को मजबूत बनाने पर जोर दिया।

बैठक के दौरान कांवड़ यात्रा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात संचालन को सुचारु रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थलों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की विस्तृत कार्ययोजना पर चर्चा की गई।
दोनों राज्यों के अधिकारियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सूचना के त्वरित आदान-प्रदान, संयुक्त पुलिस गश्त, समन्वित चेकिंग अभियान तथा आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल उपलब्ध कराने पर भी सहमति व्यक्त की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए दोनों राज्यों की पुलिस एवं संबंधित विभाग आपसी तालमेल के साथ निरंतर कार्य करेंगे, ताकि यात्रा निर्विघ्न और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके@जफर/INN
