मुरादाबाद। जनपद के थाना भोजपुर क्षेत्र में रविवार सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही भोजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, रेलवे पीपलसाना के पी-मैन कल्लू सिंह ने ग्राम सेहल व गोट के मध्य किलोमीटर संख्या 09/7-8 के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव पड़ा होने की सूचना भोजपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक विपिन कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचायतनामा भरने की कार्रवाई पूरी की।
पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 25 वर्ष है। उसका रंग गेहूंआ, कद लगभग 5 फुट 6 इंच तथा शरीर इकहरा है। युवक ने काले रंग की फुल बाजू की टी-शर्ट और नीले रंग का अंडरवियर पहन रखा था। शव के पास ऐसा कोई दस्तावेज या पहचान संबंधी वस्तु नहीं मिली, जिससे उसकी शिनाख्त हो सके।
काफी प्रयासों के बावजूद मृतक की पहचान नहीं हो पाने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय मुरादाबाद भेज दिया। साथ ही अज्ञात शव की पहचान कराने के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में सूचना प्रसारित की जा रही है।
भोजपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल थाना भोजपुर पुलिस को सूचित करे, ताकि आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सके@जफर/INN
