मुरादाबाद। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक किराए के कमरे में 26 वर्षीय युवती का शव मिला। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर सिविल लाइंस थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
मृतका की पहचान प्रतिभा राणा (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो जनपद अमरोहा की रहने वाली थी। बताया जा रहा है कि वह मुरादाबाद में रहकर एक्सिस बैंक में कार्यरत थी और सिविल लाइंस क्षेत्र में किराए के कमरे में अकेले रहती थी।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने इन्द्रप्रस्थ कॉलोनी में मौके का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा युवती की मौत के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। वहीं, घटना की सूचना मिलने पर युवती के परिजनों को भी अवगत करा दिया गया है@शांतनु/INN
