दिल्ली के रामलीला मैदान में रविवार को कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन की ओर से ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ महारैली का आयोजन किया जा रहा है। रैली में शामिल होने के लिए सुबह से ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और समर्थकों का पहुंचना शुरू हो गया। इस आयोजन में विपक्ष की 23 पार्टियों के नेताओं के शामिल होने की बात कही जा रही है।
रैली में पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने कनॉट प्लेस में दुकानों के बंद होने को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि INDIA गठबंधन ने रैली में आने वाले लोगों से स्थानीय दुकानों से खरीदारी करने की अपील की थी, ताकि व्यापारियों को फायदा हो सके, लेकिन कनॉट प्लेस पहुंचने पर उन्हें दुकानें बंद मिलीं। राहुल गांधी ने दावा किया कि बीजेपी दुकानदारों का नुकसान कर रही है।
इस महारैली का मुख्य मुद्दा मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियां और चुनाव आयोग की ओर से कराई जा रही मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया है। विपक्षी दलों का कहना है कि मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए यह आवाज उठाई जा रही है।
रैली से पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर INDIA गठबंधन के कई वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें प्रियंका गांधी, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी सहित विभिन्न विपक्षी दलों के नेताओं के शामिल होने की जानकारी सामने आई है। गठबंधन के नेता कनॉट प्लेस से रामलीला मैदान तक पैदल मार्च भी निकालने वाले हैं।
दिल्ली पुलिस ने रैली को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं। पुलिस के मुताबिक, सुबह करीब 5:30 बजे से ही लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। पूरे आयोजन स्थल और आसपास के इलाकों में 200 से 250 CCTV कैमरों के जरिए निगरानी की व्यवस्था की गई है। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी भी जारी की गई है।
INDIA गठबंधन ने रैली में करीब 10 लाख लोगों के जुटने का दावा किया है।
